Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar
Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar
Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar Jwalasamachar.in
* वन विभाग को दी गई चार दिन की मोहलत *
* किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी *
जिल्हा प्रतिनिधी-सुनिल हिंगणकर
चिमूर :- तहसील के शिवरा गांव के पूर्व सरपंच और किसान नीलकंठ भुरे की रविवार शाम खेत में बाघ के हमले में हुई मौत के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल फैल गया है। वन विभाग को बाघ को पकड़ने के लिए एक दिन का समय दिया गया था, लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज किसानों ने मंगलवार सुबह कानपा–शंकरपुर–चिमूर राज्य मार्ग पर शिवरा फाटा के पास तीन घंटे तक रास्ता रोक आंदोलन किया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.शंकरपुर क्षेत्र के शिवरा, आंबोली, गडपिपरी, पुईयारडंड, कवडशी, चिचाला और लावरी गांवों में पिछले एक महीने से बाघ का आतंक बढ़ गया है। अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बारह पालतू जानवरों को बाघ ने मार डाला है। भय के कारण किसान खेतों में नहीं जा पा रहे हैं, मजदूर भी खेतों में काम करने से डर रहे हैं, जिससे कपास तोड़ाई और धान कटाई पूरी तरह रुकी हुई है.

रविवार को खेत में बाघ के हमले से नीलकंठ भुरे की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार करते हुए चेतावनी दी थी कि जब तक बाघ का बंदोबस्त नहीं किया जाता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। वन विभाग ने एक दिन का समय मांगा था, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर तीव्र आंदोलन शुरू किया.तीन घंटे चले इस रास्ता रोको आंदोलन का नेतृत्व जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सतीश वारजुकर ने किया। इस दौरान तालुका कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय गावंडे, पूर्व उपसभापति स्वप्नील मालके, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजू कापसे, उपसभापति रोशन ढोक, बसपा नेता सूर्योदन घूटके, वंचित बहुजन आघाड़ी के शुभम मंडपे, शिवरा सरपंच अतुल नन्नावरे और शंकरपुर के उपसरपंच अशोक चौधरी समेत सैकड़ों किसान उपस्थित रहे.

वन परिक्षेत्र अधिकारी किशोर देवुळकर ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर चार दिन के भीतर बाघ को पकड़ने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन स्थगित किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि चार दिन में बाघ को पकड़ा नहीं गया तो पुनः बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस उपविभागीय अधिकारी दिनकर ठोसरे के मार्गदर्शन में चिमूर थानेदार दिनेश लबडे और भिसी थानेदार मंगेश भोंगाडे ने भारी पुलिस बल तैनात किया.

——
“वन विभाग की कार्रवाई” — बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक लाइव कैमरा, 16 ट्रैप कैमरे और 35 वन कर्मचारी तैनात किए गए हैं। किसानों की सुरक्षा के लिए चार टीमों को लगातार गश्त पर लगाया गया है, जबकि एक विशेष टीम बाघ के मूवमेंट का पीछा कर रही है।वन परिक्षेत्र अधिकारी किशोर देऊरकर ने बताया कि बाघ की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं, इसके लिए पालतू जानवर बांधकर ट्रैपिंग की जा रही है।
ज्वाला समाचार सच का सामना